वेनेजुएला में राहत कार्य तेज, दुनिया भर से पहुंच रही मदद
कराकस, 27 जून (हि.स.)। विनाशकारी भूकंपों से प्रभावित वेनेजुएला में राहत और बचाव अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा है कि आने वाले घंटों में दस और देश बचाव कार्यों में शामिल होंगे, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में राहत अभियान को और मजबूती मिलेगी।
राज्य टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में रोड्रिगेज ने कहा कि देशभर से बचावकर्मी प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब भी कई लोगों को जीवित बचाने की उम्मीद है और सभी एजेंसियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए विभिन्न देशों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वेनेजुएला इस कठिन समय में अकेला नहीं है। उनके अनुसार, विश्व समुदाय ने सहायता का हाथ बढ़ाया है और अगले 24 घंटों के दौरान कई अन्य देशों की राहत टीमें भी देश पहुंचेंगी।
इस बीच, वेनेजुएला के यूरोप और उत्तरी अमेरिका मामलों के उपविदेश मंत्री ओलिवर ब्लांको ने बताया कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से 1,600 से अधिक बचावकर्मी देश पहुंच चुके हैं। ये दल 17 विशेष उड़ानों के जरिए वेनेजुएला पहुंचे हैं और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं खोज अभियानों में शामिल हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटों में 25 अतिरिक्त उड़ानों के पहुंचने की उम्मीद है। इन उड़ानों के माध्यम से राहत सामग्री, चिकित्सा सहायता और विशेष बचाव दल देश में पहुंचेंगे।
मेक्सिको, अमेरिका, अल सल्वाडोर, स्विट्जरलैंड, कोलंबिया, स्पेन, इक्वाडोर, चिली, डोमिनिकन गणराज्य और पनामा सहित कई देशों की टीमें पहले ही राहत अभियान में शामिल हो चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और बचावकर्मियों की मौजूदगी से प्रभावित क्षेत्रों में खोज अभियान को गति मिली है।
अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने की है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग को राहत कार्यों के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय