राजस्थान रॉयल्स ने चोटिल रवि सिंह की जगह इमांजोत चहल को किया टीम में शामिल
जयपुर, 23 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स ने अपने स्क्वॉड में बदलाव करते हुए युवा ऑलराउंडर इमांजोत चहल को टीम में शामिल किया है। वह चोटिल विकेटकीपर-बल्लेबाज रवि सिंह की जगह टीम का हिस्सा बनेंगे, जो हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।
फ्रेंचाइजी ने टीम संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से इमांजोत चहल को अपने साथ जोड़ा है। घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुके इमांजोत एक उपयोगी ऑलराउंडर के रूप में पहचाने जाते हैं। बल्लेबाजी के साथ-साथ वह अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से भी टीम को मजबूती प्रदान करते हैं।
घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने बल्ले से प्रभावशाली योगदान देते हुए 83 रन की उल्लेखनीय पारी खेली है। वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने सीमित मुकाबलों में प्रभाव छोड़ा है और तीन मैचों में कुल 11 विकेट हासिल किए हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये की राशि पर टीम में शामिल किया है। ऐसे समय में जब टूर्नामेंट अपने अहम दौर में पहुंच चुका है, टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि नया खिलाड़ी अवसर मिलने पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।
राजस्थान रॉयल्स के लिए यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब टीम प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। टीम प्रबंधन की नजर अब इस बात पर होगी कि नया खिलाड़ी टीम संयोजन में कितनी जल्दी खुद को ढाल पाता है और आने वाले मुकाबलों में कितना प्रभाव छोड़ता है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय