आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने के खिलाफ मामलों पर नेपाल सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को भी होगी सुनवाई
काठमांडू, 24 मार्च (हि.स.)। नेपाल के सर्वोच्च अदालत ने रवि लामिछाने के खिलाफ संगठित अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप वापस लेने के महान्यायाधिवक्ता कार्यालय के निर्णय को चुनौती देने वाली रिट याचिका पर आज सुनवाई हुई। मंगलवार को सुनवाई पूरी नहीं हो पाने के कारण मामले की सुनवाई बुधवार को भी होगी।
याचिका में रवि लामिछाने के खिलाफ मामलों को वापस लेने के महान्यायाधिवक्ता के संशोधित निर्णय की वैधता को चुनौती दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के प्रवक्ता अर्जुन प्रसाद कोइराला के अनुसार न्यायाधीश विनोद शर्मा और अब्दुल अज़ीज़ मुसलमान की संयुक्त पीठ सुनवाई पूरी नहीं कर सकी, इसलिए इसे बुधवार को आगे जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
इससे पहले 19 मार्च को न्यायाधीश सरंगा सुवेदी और सुनील कुमार पोखरेल की संयुक्त पीठ ने महान्यायाधिवक्ता कार्यालय को लामिछाने के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और संगठित अपराध के आरोप वापस लेने के संशोधित निर्णय को प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। उससे भी पहले 1 मार्च को न्यायाधीश सपना प्रधान मल्ल और श्रीकान्त पौडेल की संयुक्त पीठ ने इस याचिका को नियमित सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास