इजराइली हमलों को लेकर कतर ने जताई चिंता, अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप

 


जिनेवा, 29 सितंबर (हि.स.)। कतर ने फिलिस्तीन, लेबनान और सीरिया में जारी इजराइली कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है। संयुक्त राष्ट्र में कतर की स्थायी प्रतिनिधि हिंद अब्दुलरहमान अल-मुफ्ताह ने फिलिस्तीन और अन्य कब्जे वाले अरब क्षेत्रों में मानवाधिकारों पर चर्चा के दौरान यह बयान दिया।

कतर के विदेश मंत्रालय के अनुसार, अल-मुफ्ताह ने गाजा पट्टी और कब्जे वाले पश्चिमी तट में इजराइल की लगातार सैन्य कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि गाजा में हिंसा समाप्त करने की योजना को लागू करने से इजराइल का इनकार स्थायी शांति के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को कमजोर करने की कोशिश है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से फिलिस्तीनियों के खिलाफ कथित अपराधों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने और इजराइली बस्तियों के विस्तार को बढ़ावा देने वाली किसी भी सहायता को रोकने की अपील की।

अल-मुफ्ताह ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इजराइली कब्जे को समाप्त करने और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभाने का भी आह्वान किया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय