पश्चिम एशिया युद्ध में मध्यस्थता को तैयार पुतिन, ईरानी राष्ट्रपति से फोन पर हुई बातचीत
मॉस्को/तेहरान, 07 अक्टूबर (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान को भरोसा दिलाया है कि मॉस्को पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को समाप्त कराने और तनाव कम करने के लिए मध्यस्थता के प्रयासों में भूमिका निभाने को तैयार है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, पुतिन ने यह बात बुधवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान कही।
महीनों से जारी संघर्ष के बीच दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की। आईआरएनए के मुताबिक, पुतिन और पेजेश्कियन ने रूस-ईरान संबंधों के सकारात्मक और लगातार विस्तार की दिशा में बढ़ने पर जोर दिया तथा दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता जताई।
पश्चिम एशिया संघर्ष का जिक्र करते हुए पुतिन ने कुछ देशों की ओर से तनाव कम करने और युद्ध में मध्यस्थता की कोशिशों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रूस ऐसे प्रयासों का समर्थन करता है।
आईआरएनए के अनुसार, पुतिन ने पेजेश्कियन से कहा कि ईरान यह भरोसा रख सकता है कि मॉस्को भी इस दिशा में भूमिका निभाने और आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।
रूस और ईरान के बीच पिछले कुछ वर्षों में सैन्य और व्यापारिक संबंधों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। दोनों देश दुनिया के सबसे अधिक प्रतिबंधों का सामना करने वाले देशों में शामिल हैं।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय