चीन पहुंचे पुतिन, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक समीकरणों पर रहेगी नजर

 

बीजिंग, 20 मई (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए बीजिंग पहुंचे हैं। इस वर्ष पुतिन की यह पहली विदेश यात्रा मानी जा रही है, जिसे अंतरराष्ट्रीय राजनीति और बदलते वैश्विक समीकरणों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह यात्रा चीन और रूस के बीच रणनीतिक सहयोग के तीन दशक पूरे होने तथा दोनों देशों के बीच मैत्री और सहयोग से जुड़े समझौतों की महत्वपूर्ण वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की जा रही है। दोनों देशों के संबंध पिछले कुछ वर्षों में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और कूटनीति जैसे क्षेत्रों में लगातार मजबूत हुए हैं।

रूसी राष्ट्रपति के साथ इस दौरे पर कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। प्रतिनिधिमंडल में रूस के रक्षा और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और कई प्रमुख व्यापारिक अधिकारी भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि यात्रा के दौरान आर्थिक सहयोग, रक्षा साझेदारी और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

इस यात्रा को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह अमेरिकी राष्ट्रपति की हालिया चीन यात्रा के तुरंत बाद हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय