पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस गश्ती दल पर हमला, एक जवान की मौत
इस्लामाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कानून-व्यवस्था की स्थिति एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। लक्की मरवत जिले के सईदखेल इलाके में रविवार को हथियारबंद हमलावरों ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी कर दी। हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, यह हमला सईदखेल कब्रिस्तान के पास उस समय हुआ, जब पुलिसकर्मी इलाके में गश्त कर रहे थे। जिला पुलिस अधिकारी के प्रवक्ता कुदरतुल्लाह खान ने बताया कि हमलावरों ने अचानक पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी।
घटना के बाद मृतक पुलिसकर्मी के शव और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया गया। हमले की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हमलावरों की तलाश में इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में हाल के दिनों में पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों में बढ़ोतरी देखी गई है। इससे पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय