पीओके में पाकिस्तान के खिलाफ उबाल, सुरक्षाबलों की फायरिंग में 6 प्रदर्शनकारियों की मौत
इस्लामाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र होते जा रहे हैं। मंगलवार को रावलाकोट में प्रदर्शनकारियों और पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के बीच हुई हिंसक झड़पों के दौरान सुरक्षाबलों की फायरिंग में छह नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रावलाकोट के न्यू बस टर्मिनल के पास पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए। मृतकों में जाहिद मुगल, जफर मुगल, अरसलान अकबर और वाजिद हयात समेत छह लोगों के नाम सामने आए हैं।
रावलाकोट में आयोजित एक जनसभा में आंदोलन के नेता जावेद इकबाल ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, 78 वर्षों तक हमें श्रीनगर की आजादी का सपना दिखाया गया। अब यह झूठा प्रचार खत्म हो चुका है। जब हम आटा मांगते हैं तो गोलियां मिलती हैं, बिजली मांगते हैं तो गोलियां मिलती हैं और पानी मांगते हैं तो भी गोलियां मिलती हैं।
सभा में लोगों ने हर बच्चा आखिरी सांस तक लड़ेगा, लेकिन पीओके पाकिस्तान का प्रांत नहीं बनेगा जैसे नारे भी लगाए। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) ने 15 जुलाई को मुजफ्फराबाद तक लॉन्ग मार्च का आह्वान किया है और पूरे पीओके के लोगों से इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
पिछले कई सप्ताह से पीओके में हजारों लोग सड़कों पर उतरकर पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। शुरुआत आटा, बिजली, पानी, महंगाई और करों में राहत जैसी बुनियादी मांगों से हुई थी, लेकिन अब यह आंदोलन पाकिस्तान के क्षेत्र पर नियंत्रण के खिलाफ व्यापक राजनीतिक विरोध का रूप लेता जा रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय