ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी रक्षा विभाग ने हथियारों का उत्पादन बढ़ाने को कहा

 


वॉशिंगटन, 09 अगस्त (हि.स.)। ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी रक्षा विभाग ने देश की हथियार निर्माता कंपनियों से उत्पादन में तेजी लाने को कहा है। अमेरिकी सैन्य हथियारों के भंडार पर बढ़ते दबाव और महत्वपूर्ण हथियार प्रणालियों की उपलब्धता को लेकर चिंता के बीच पेंटागन ने रक्षा उद्योग को उत्पादन क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

अमेरिकी रक्षा उपमंत्री स्टीव फीनबर्ग ने रक्षा कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों को एक ज्ञापन भेजकर महत्वपूर्ण सैन्य क्षमताओं के उत्पादन और आपूर्ति की गति बढ़ाने की योजना तैयार करने को कहा। कंपनियों को अपनी योजनाएं प्रस्तुत करने के लिए 21 दिनों का समय दिया गया है।

ज्ञापन में कंपनियों से ऐसी योजनाएं तैयार करने को कहा गया है, जिनसे महत्वपूर्ण हथियारों और रक्षा प्रणालियों की आपूर्ति पहले की तुलना में काफी तेज हो सके और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो।

पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने ज्ञापन की पुष्टि करते हुए बताया कि इससे वित्त वर्ष 2028 के बजट में रक्षा उत्पादन को लेकर प्रस्ताव तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे अमेरिकी रक्षा औद्योगिक आधार को मजबूत करने की चल रही कोशिशों का हिस्सा बताया।

पार्नेल के अनुसार, रक्षा उद्योग के नेताओं के साथ सीधे काम करना कोई नई प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने कहा कि फीनबर्ग अमेरिकी रक्षा खरीद व्यवस्था में सुधार और हथियारों के उत्पादन को खतरे के अनुरूप गति देने के प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं।

अमेरिका की ओर से उत्पादन बढ़ाने का यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब ईरान के साथ संघर्ष के कारण अमेरिकी सैन्य अभियानों में हथियारों और अन्य महत्वपूर्ण रक्षा संसाधनों की खपत बढ़ने की चिंता जताई जा रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय