भारी मात्रा में तंबाकू उत्पाद के साथ पाकिस्तानी नागरिक काठमांडू हवाई अड्डा से गिरफ्तार

 




काठमांडू, 03 जुलाई (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से विदेश ले जाए जा रहे भारी मात्रा में तंबाकूजन्य पदार्थ के साथ एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।

विमानस्थल सुरक्षा कार्यालय के अनुसार बुधवार अपराह्न करीब 4:45 बजे कतर एयर की उड़ान संख्या QR 647 से काठमांडू से दोहा होते हुए पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रहे 63 वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक शाहिद महमूद को अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान क्षेत्र में हैंड बैगेज जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान उनके सामान से बड़ी मात्रा में तंबाकूजन्य सामग्री बरामद हुई। जब्त सामग्री में रजनीगंधा के 1,200 पैकेट, पान पराग के 70 पैकेट, कटुवा नामक 81 पैकेट तंबाकू उत्पाद तथा करीब 25 किलोग्राम अन्य तंबाकूजन्य पदार्थ शामिल हैं। बरामद सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2 लाख 1 हजार 100 नेपाली रुपये बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपित इन सामग्रियों को छिपाकर विदेश ले जाने की कोशिश कर रहा था। संदेहास्पद गतिविधि के आधार पर की गई जांच में यह सामग्री बरामद होने के बाद उसे तुरंत हिरासत में लिया गया। आरोपित को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए त्रिभुवन विमानस्थल कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया है।

विमानस्थल सुरक्षा कार्यालय ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि तंबाकूजन्य पदार्थ किस उद्देश्य से और किस नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजे जा रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास