पाकिस्तान में वांछित आतंकी खालिद उर्फ कमांडर मारा गया
इस्लामाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के प्रांतीय पुलिस बलों की प्रमुख खुफिया और आतंकवाद-रोधी शाखा काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में वांछित आतंकवादी खालिद उर्फ कमांडर को मुठभेड़ में मार गराया। अधिकारियों के अनुसार सीटीडी को यह सफलता डेरा इस्माइल खान इलाके में मिली।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार खुफिया सूचना पर आतंकवादी खालिद उर्फ कमांडर को दबोचने के लिए दबिश दी गई। उससे आत्मसमर्पण की अपील की गई। इसे अनसुना कर उसने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों की जवाबी गोलीबारी में वह मारा गया। वह सिपाही मोहम्मद अली की हत्या में शामिल था। अधिकारियों ने बताया कि वह टीटीपी जाकिर कोची कारवां समूह से जुड़ा हुआ था। उसके पास से 9 एमएम की पिस्तौल, एक हैंड ग्रेनेड और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया।
इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू में 27 विद्रोहियों के मारे जाने की खबर आई। पाकिस्तानी सेना की जनसंपर्क शाखा इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) ने शुक्रवार दोपहर जारी बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले और आसपास के जिलों में 24 विद्रोहियों को मार गिराया है। खैबर पख्तूनख्वा में बुधवार को दो स्थानों हमले हुए थे। लोवर दीर में पुलिस के काफिले को निशाना बनाया गया। दूसरा हमला बन्नू जिले के मिरयान पुलिस स्टेशन पर हुआ था। आईएसपीआर ने कहा कि हाल ही में बन्नू में पुलिस के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों और आत्मघाती बम धमाकों में तेजी आई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद