अमेरिका-ईरान तनाव पर पाकिस्तान और सऊदी अरब चिंतित, बातचीत बहाल करने पर दिया जोर
इस्लामाबाद/रियाद, 11 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बढ़ते सैन्य तनाव पर पाकिस्तान और सऊदी अरब ने गहरी चिंता व्यक्त की। पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार और सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद ने शुक्रवार को टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय हालात की समीक्षा की और तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज करने पर सहमति जताई।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू)' के बावजूद हालिया सैन्य टकराव बढ़ने पर गहरी चिंता व्यक्त की। दोनों देशों का मानना है कि मौजूदा घटनाक्रम क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि संघर्ष किसी के हित में नहीं है और इससे मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने के प्रयास कमजोर पड़ते हैं।
वहीं, सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, दोनों विदेश मंत्रियों ने अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता फिर से शुरू कराने, तनाव कम करने और सभी पक्षों को शांतिपूर्ण एवं व्यापक समाधान की दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय संकट के समाधान के लिए मध्यस्थता प्रयासों का समर्थन करने और आपसी संपर्क बनाए रखने पर भी सहमति व्यक्त की।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय