पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस पर लगी रोक एक महीने के लिए बढ़ाई

 

कराची, 17 जून (हि.स.)। पाकिस्तान ने भारतीय पंजीकृत विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंध को 24 जुलाई तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (पीएए) ने मंगलवार को जारी नोटिस टू एयरमेन (नोटम) के माध्यम से इसकी जानकारी दी।

जारी सलाह के अनुसार, भारतीय नागरिक और सैन्य विमानों के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। नया प्रतिबंध 16 जून की शाम से प्रभावी होकर 24 जुलाई की सुबह तक लागू रहेगा।

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बाद अप्रैल 2025 में पाकिस्तान ने पहली बार भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद किया था। इसके बाद कई बार इस प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई जा चुकी है। हालांकि दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम लागू है, फिर भी आपसी संबंधों में तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

हवाई क्षेत्र बंद होने का सबसे अधिक असर भारतीय एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। यूरोप, उत्तरी अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों के लिए उड़ान भरने वाले विमानों को वैकल्पिक और लंबे मार्गों का उपयोग करना पड़ रहा है। इससे उड़ान समय बढ़ने के साथ-साथ ईंधन खपत और परिचालन लागत में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय