क्वेटा के पास फ्रंटियर कॉर्प्स की दो चौकियों पर हमला, 13 पाकिस्तानी जवानों की माैत
क्वेटा, 31 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के निकट हथियारबंद लड़ाकों ने फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) की दो चौकियों पर बड़ा हमला किया। हमलावरों ने दोनों चौकियों पर कब्ज़ा कर हथियार और गोला-बारूद अपने कब्जे में ले लिया तथा चौकियों को आग के हवाले कर दिया। हमले में पाकिस्तान के कम से कम 13 जवानों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने की खबर है।
द बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक बड़ी संख्या में हथियारबंद लड़ाकों ने एक साथ ज़ारघून घर क्षेत्र के वली थंगी और क्वेटा के बाहरी इलाके स्पिन कारेज स्थित एफसी चौकियों को निशाना बनाया। दोनों स्थानों पर लंबे समय तक भारी गोलीबारी और विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई देती रहीं। इसके बाद हमलावरों ने चौकियों पर कब्ज़ा कर वहां मौजूद हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य उपकरण अपने साथ ले गए तथा चौकियों में आग लगा दी।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इस हमले में कम से कम 13 पाकिस्तानी जवान मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने हमले की पुष्टि करते हुए मृतकों की संख्या कम बताई है।
अधिकारियों के अनुसार, मारे गए जवानों में नायब सूबेदार अव्वल खान, नायक नूर बख्श, सिपाही समीउल्लाह और सिपाही रफीक शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हमलों के बाद तीन अन्य जवान लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
समाचार लिखे जाने तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी। हालांकि, इस क्षेत्र में बलूच हथियारबंद संगठन सक्रिय हैं और बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) पहले भी वली थंगी और आसपास के इलाकों में ऐसे हमलों की जिम्मेदारी ले चुकी है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी