पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में मारे प्रतिबंधित संगठन के 18 आतंकवादी

 


इस्लामाबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा (केपी) और बलूचिस्तान में अलग-अलग मुठभेड़ में 18 आतंकवादियों को मार गिराया। दावा किया गया है कि मारे गए आतंकियों का संबंध फित्ना-अल-खवारिज और फित्ना-अल-हिंदुस्तान से है। यह दोनों संगठन पाकिस्तान में प्रतिबंधित हैं।

डान अखबार के अनुसार संघीय सरकार के नियंत्रण वाले पाकिस्तान टीवी ने बुधवार को प्रसारित रिपोर्ट में कहा कि खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ शुरू अज्म -ए-इस्तेहकाम के तहत उत्तरी वजीरिस्तान में खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान में फित्ना-अल-खवारिज के 13 आतंकवादियों को मार गिराया। पाकिस्तान टीवी ने बताया कि इसके अलावा बलोचिस्तान के मस्तुंग जिले में सुरक्षा बलों ने फित्ना-अल-हिंदुस्तान से जुड़े पांच आतंकवादियों को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकवादियों के पास से भारी हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है।

डान की रिपोर्ट के अनुसार फित्ना-अल-खवारिज शब्द का इस्तेमाल सरकार प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों के लिए करती है। सरकार ने बलोचिस्तान स्थित आतंकवादी समूहों को 'फित्ना-अल-हिंदुस्तान' नाम दिया है। इसका मकसद भारत पर पाकिस्तान में आतंकवाद और अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद