ईरानी विदेश मंत्री से मिले पाकिस्तानी गृहमंत्री
तेहरान, 07 जून (हि.स.)। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने रविवार को तेहरान में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान नकवी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का विशेष संदेश ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई तक पहुंचाया।
दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता में ईरान और पाकिस्तान के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने के साथ-साथ क्षेत्र में बढ़ते तनाव और सुरक्षा चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। बातचीत का प्रमुख केंद्र ईरान से जुड़े मौजूदा क्षेत्रीय संकट और उसे समाप्त करने के लिए जारी कूटनीतिक प्रयास रहे।
पाकिस्तानी पक्ष ने संघर्ष को कम करने और संवाद के माध्यम से समाधान तलाशने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए संबंधित देशों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है।
दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और पारस्परिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए संपर्क बनाए रखने तथा संवाद की प्रक्रिया जारी रखने पर सहमति जताई।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय