नाइजीरिया में 32 लोगों को ले जा रहा सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त

 


लागोस, 05 अक्टूबर (हि.स.)। नाइजीरिया के दक्षिण-पश्चिमी ओंडो प्रांत में सोमवार को 32 लोगों को ले जा रहा एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 25 यात्री और सात चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे के बाद मलबा तटीय शहर इग्बोकाडा में नौसैनिक अड्डे के पास मिला। अधिकारियों ने तत्काल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है।

नाइजीरिया के विमानन मंत्री फेस्टस कीयामो के अनुसार, विमान बेनिन से लागोस की ओर जा रहा था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल का विमान से सुबह करीब 9:13 बजे संपर्क टूट गया। रेडियो के जरिए संपर्क बहाल करने के सभी प्रयास विफल रहने के बाद विमान के लापता होने की सूचना दी गई।

बाद में अधिकारियों को विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली और उसका मलबा इग्बोकाडा स्थित नौसैनिक अड्डे के पास खोज लिया गया। नाइजीरियाई वायुसेना ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है।

वायुसेना के अनुसार, विमान नियमित मिशन पर बेनिन से लागोस जा रहा था। विमान की पहचान टेल नंबर एनजीआर 931 वाले सैन्य विमान के रूप में की गई है। फिलहाल हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय