नाइजीरिया ने अवैध हथियारों पर कसा शिकंजा, 2,819 हथियार किए नष्ट

 




अबुजा, 30 जुलाई (हि.स.)। नाइजीरिया ने देश में बढ़ती असुरक्षा और अवैध हथियारों के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,819 अवैध, अनुपयोगी और सेवा से हटाए जा चुके हथियार नष्ट कर दिए हैं। यह कदम हथियारों को दोबारा अवैध नेटवर्क तक पहुंचने से रोकने के उद्देश्य से उठाया गया।

देश की हथियार नियंत्रण एजेंसी के प्रमुख जॉनसन कोकुमो ने बताया कि सार्वजनिक रूप से आयोजित इस अभियान में हथियारों को इस तरह नष्ट किया गया कि उनका दोबारा इस्तेमाल संभव न रहे। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों के प्रसार पर रोक लगाना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

नाइजीरिया लंबे समय से डकैती, अपहरण, उग्रवाद और सांप्रदायिक हिंसा जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इन घटनाओं को अवैध हथियारों की उपलब्धता से बढ़ावा मिलता है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 में हथियार नियंत्रण एजेंसी की स्थापना के बाद से अब तक 21 हजार से अधिक अवैध हथियार जब्त किए जा चुके हैं। इनमें से 19 हजार से अधिक हथियार स्थायी रूप से नष्ट किए जा चुके हैं, ताकि उन्हें दोबारा किसी भी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल न किया जा सके।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय