कीव में डच दूतावास के पास मिसाइल गिरने पर रूस के राजदूत तलब

 


हेग, 19 नवंबर (हि.स.)। यूक्रेन की राजधानी कीव में डच दूतावास के पास एक प्रक्षेपास्त्र (मिसाइल) गिरने से इमारत को मामूली नुकसान पहुंचने के बाद नीदरलैंड सरकार ने गुरुवार को रूसी राजदूत को तलब किया। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसन ने बताया कि गुरुवार दोपहर दूतावास के पीछे एक प्रक्षेपास्त्र गिरा। उन्होंने डच प्रसारक आरटीएल से बातचीत में इस घटना को ‘अस्वीकार्य’ बताया और कहा कि इसके विरोध में रूस के राजदूत को हेग स्थित विदेश मंत्रालय में बुलाया गया है।

इस बीच, नीदरलैंड स्थित रूसी दूतावास ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन युद्ध में नीदरलैंड की भूमिका को अब केवल एक तटस्थ दर्शक के तौर पर देखना मुश्किल होता जा रहा है। दूतावास ने आरोप लगाया कि हेग की कार्रवाइयां संघर्ष में उसकी भागीदारी लगातार बढ़ा रही हैं, जिससे युद्ध लंबा खिंच रहा है और तनाव बढ़ रहा है।

दरअसल, इसी सप्ताह नीदरलैंड की रक्षा कंपनी डेस्टिनस ने दावा किया था कि क्रीमिया पुल पर यूक्रेन के हमले में इस्तेमाल किए गए विदेशी निर्मित हथियारों में उसकी मिसाइलें ही शामिल थीं। डच समाचार पत्र ‘एनआरसी’ ने गुरुवार को खबर दी कि डेस्टिनस के कर्मचारी यूक्रेन में सक्रिय थे और उन्होंने रूसी ठिकानों को निशाना बनाकर कंपनी के ड्रोन का परीक्षण किया था।

हालांकि, डेस्टिनस ने जवाब में कहा कि उसके कर्मचारियों ने केवल अनुबंधों के तहत यूक्रेनी सेना को सहयोग दिया है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय