फ्लाईदुबई घटना पर नेतन्याहू का वीडियो बयान, बोले- यात्रियों और चालक दल की बहादुरी ने बचाई कई जानें
तेल अवीव, 30 सितंबर (हि.स.)। दुबई से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में उस समय गंभीर सुरक्षा घटना सामने आई, जब एक पायलट ने कथित तौर पर अपने साथी पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को घटना की जानकारी देते हुए वीडियो बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि आरोपी पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
नेतन्याहू के अनुसार, घटना के दौरान विमान इजराइल के करीब पहुंच रहा था और उसमें ज्यादातर यात्री इजराइली नागरिक थे। उन्होंने कहा कि एक यात्री ने चालक दल के सदस्य की मदद से कॉकपिट में प्रवेश किया और दोनों ने कथित हमलावर पायलट को काबू में कर लिया। प्रधानमंत्री ने यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कई लोगों की जान बची और बड़ी दुर्घटना टल गई।
नेतन्याहू ने इसे “बेहद गंभीर सुरक्षा घटना” बताया। इजराइल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज समेत कुछ अन्य अधिकारियों ने इसे कथित आतंकी हमले का प्रयास बताया है।
इस बीच, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक अन्य उड़ान भी सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य पर पहुंच गई। फ्लाइट एफजेड1081 के बारे में शुरुआत में फ्लाइटराडार24 पर विमान के यूएई की ओर लौटने की जानकारी दिखाई गई थी, लेकिन बाद में विमान को इजराइल की ओर जाते हुए दिखाया गया और वह तेल अवीव में सुरक्षित उतर गया।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय