पाकिस्तान में लापता नेपाली पर्वतारोही दल के सदस्य का शव मिला, नेपाल के विदेश मंत्रालय का भी अभियान तेज
काठमांडू, 31 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के ब्रॉड पीक पर्वत पर भीषण हिमस्खलन के बाद छह नेपाली पर्वतारोहियों के लापता होने की खबर के बीच नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह पाकिस्तान सरकार के साथ लगातार और नजदीकी समन्वय बना कर काम कर रहा है। इसी बीच अबतक मिले चार शवों में एक की पहचान नेपाली पर्वतारोही के रूप में हुई है।
मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस्लामाबाद स्थित नेपाली दूतावास, दुर्घटना से प्रभावित सभी पर्वतारोहियों को जल्द और सुरक्षित बाहर निकालने की सुविधा के लिए संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों और अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान के साथ लगातार संपर्क में है।
मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तानी अधिकारियों ने दूतावास को सूचित किया है कि खोज और बचाव अभियान लगातार जारी है।
प्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल पुरजा (निम्स दाई) के नेतृत्व वाले ब्रॉड पीक अभियान में नेपाली पर्वतारोही पुर बहादुर गुरुंग (युक्ता), किली पेम्बा शेरपा (किलू), नीमा शेरपा, नवांग थिंडू शेरपा और ग्यालु शेरपा शामिल हैं। इस टीम में ओमान की नधीरा अहमद अब्दुल्ला अल हार्थी, पाकिस्तान के सोहेल सखी, चीन के वांग झोंग और अमेरिका की मेलोरी गीस भी शामिल हैं।
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसे पाकिस्तान सरकार से आश्वासन मिला है कि खोज और बचाव अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों को तैनात किया जाएगा।
अब तक 4 शव बरामद, सेना के दो हेलीकॉप्टर तैनात
पाकिस्तान के ब्रॉड पीक पर गुरुवार को आए हिमस्खलन स्थल से बचाव टीमों ने आज शुक्रवार को चार शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, प्रसिद्ध नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुरजा और पाकिस्तानी पर्वतारोही सोहेल सखी सहित कई लापता पर्वतारोहियों के लिए खोज अभियान जारी है।
अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान ने बताया कि 10 सदस्यीय इस अभियान दल में छह नेपाली, एक पाकिस्तानी, एक ओमानी, एक अमेरिकी और एक चीनी पर्वतारोही शामिल थे। एसीपी के अध्यक्ष मेजर जनरल इरफान अरशद के अनुसार, चार शव मिल चुके हैं। उन्होंने पुष्टि की कि मृतकों में ओमान की पर्वतारोही नधीरा अहमद अब्दुल्ला अल हार्थी और नेपाल के पर्वतारोही पुर बहादुर गुरुंग शामिल हैं।
नेपाल के 43 वर्षीय निर्मल पुरजा दुनिया के सबसे प्रसिद्ध पर्वतारोहियों में से एक हैं। ब्रिटेन की 'ब्रिगेड ऑफ गोरखा' और रॉयल मरीन की 'स्पेशल बोट सर्विस' के पूर्व सदस्य पुरजा ने 2019 में छह महीने और छह दिनों में 8,000 मीटर से ऊंची सभी 14 चोटियों पर चढ़कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। 2021 में, उन्होंने पूरी तरह नेपाली टीम द्वारा 'के-2' (K2) पर पहली शीतकालीन चढ़ाई में भी भाग लिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास