पश्चिम एशिया में युद्ध से जुड़े वीडियो साझा करने पर 6 नेपाली नागरिक गिरफ्तार
काठमांडू, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध से संबंधित संवेदनशील फोटो तथा वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में छह नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने संबंधित देशों के कानून और सुरक्षा संवेदनशीलता की अनदेखी करते हुए टिकटॉक, फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे वीडियो पोस्ट न करने की कड़ी चेतावनी दी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोकबहादुर पौडेल क्षेत्री ने जानकारी दी कि संबंधित देशों की सरकारों ने युद्ध और सुरक्षा से जुड़े मामलों में वीडियो बनाना, फोटो खींचना और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करना पूरी तरह प्रतिबंधित कर रखा है।
उन्होंने बताया कि अन्य लोगों द्वारा बनाए गए ऐसे सामग्री को शेयर करना भी उन देशों में गैरकानूनी माना जाता है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को वहां के कानून के अनुसार भारी जुर्माना, लंबी जेल की सजा और सजा पूरी करने के बाद डिपोर्ट (देश निकाला) किए जाने की भी संभावना है।
प्रवक्ता क्षेत्री ने कहा, “वहां की सरकारें और सुरक्षा एजेंसियां अपने नागरिकों के साथ-साथ सभी विदेशी नागरिकों की सुरक्षा के लिए दिन-रात काम कर रही हैं। ऐसे समय में डर या अफवाह फैलाने वाले कंटेंट न बनाने के लिए उन्होंने एडवाइजरी जारी की है। इसके बावजूद छह नेपाली नागरिक ऐसे ही कंटेंट बनाने और साझा करने के कारण गिरफ्तार हुए हैं।”
मंत्रालय ने कहा कि दूतावास और मीडिया के माध्यम से बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद इस प्रकार की घटनाओं का होना दुखद है। मंत्रालय ने सभी नेपाली श्रमिकों से विशेष अपील की है कि वे संबंधित देशों की सरकार द्वारा गैरकानूनी मानी जाने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल न हों।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास