काठमांडू में ‘नौवां अंतरराष्ट्रीय महिला उद्यमी व्यापार मेला 2026’ होगा आयोजित
काठमांडू, 24 मार्च (हि.स.)। महिला उद्यमियों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने और उनकी व्यावसायिक पहचान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काठमांडू में ‘नौवां अंतरराष्ट्रीय महिला उद्यमी व्यापार मेला 2026’ आयोजित किया जाएगा।
महिला उद्यमी महासंघ नेपाल द्वारा 3-5 अप्रैल तक इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले का उद्देश्य देश के 77 जिलों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सफल महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है।
इसमें नेपाल के साथ-साथ विभिन्न देशों की महिला उद्यमी भाग लेंगी। मेले में घरेलू, लघु तथा मध्यम उद्यमी, व्यवसायी और निर्यातक अपने मौलिक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
महासंघ की अध्यक्ष दर्शना श्रेष्ठ के अनुसार, मेले में कुल 140 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जैविक खाद्य पदार्थ, पारंपरिक व्यंजन, कृषि उत्पाद, जड़ी-बूटी, हस्तशिल्प सामग्री, मूर्तियां, आभूषण और सजावटी वस्तुएं मुख्य आकर्षण होंगी। मेले में 300 से अधिक महिला उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, मेले में नेपाल के अलावा भारत के फैब्रिक और कॉस्मेटिक्स, चीन के इलेक्ट्रोलाइट पेय, कोरिया के कॉस्मेटिक्स और नूडल्स तथा भूटान के रीसाइकिल किए गए उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी। विशेष रूप से सातों प्रदेशों की महिला उद्यमी अपने पारंपरिक उत्पाद मेले में लाएंगी।
सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत मेले में दिव्यांग महिला उद्यमियों के लिए निःशुल्क स्टॉल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्टार्टअप उद्यमियों, युवाओं और जिलों के उद्यमियों को रियायती दर पर स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह मेला केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिला उद्यमियों की क्षमता विकास पर भी केंद्रित होगा। मेले के दौरान पैनल चर्चा, डिजिटलीकरण प्रशिक्षण, बाजार विस्तार और वित्तीय साक्षरता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों का अनुमान है कि इस बार मेले को लगभग 50 हजार लोग देखने आएंगे। मेले के दौरान लगभग 2 करोड़ रुपये के आर्थिक लेन-देन का लक्ष्य रखा गया है।
अध्यक्ष दर्शना श्रेष्ठ ने विश्वास व्यक्त किया कि महिला उद्यमियों की कौशल और सृजनशीलता को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने के लिए यह मेला एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
आयोजकों के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिला उद्यमियों को नेटवर्किंग और व्यावसायिक सहयोग के अवसर प्राप्त होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास