नेपाल-यूएई के बीच द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा, बाढ़ सहायता के लिए जताया आभार

 


काठमांडू, 27 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

यूएई के संयुक्त राष्ट्र स्थित स्थायी मिशन में हुई बैठक के दौरान विदेश मंत्री खनाल ने नेपाल में जलवायु-जनित विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित समुदायों के प्रति यूएई सरकार और वहां के लोगों की संवेदना एवं एकजुटता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए यूएई की ओर से उपलब्ध कराई गई महत्वपूर्ण मानवीय सहायता के लिए भी धन्यवाद दिया।

खनाल ने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित समुदायों की मदद के लिए यूएई की ओर से अतिरिक्त 25 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 2.5 करोड़ डॉलर) की वित्तीय सहायता देने की नई प्रतिबद्धता का स्वागत किया और इसके लिए यूएई का आभार जताया।

बैठक में दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर रचनात्मक विचार-विमर्श किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच पारस्परिक लाभ वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस दौरान श्रम, व्यापार, निवेश, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा, कनेक्टिविटी और संयुक्त राष्ट्र के तहत बहुपक्षीय सहयोग को प्रमुख क्षेत्र के रूप में रेखांकित किया गया। दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने तथा नेपाल-यूएई संबंधों को और व्यापक बनाने के महत्व पर सहमति व्यक्त की।----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास