नेपाल में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में दो चीनी नागरिक गिरफ्तार

 


काठमांडू, 03 जून (हि.स.)। नेपाल पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में दो चीनी नागरिकों को काठमांडू के नक्साल क्षेत्र से गिरफ्तार किया हैै।

काठमांडू उपत्यका अपराध अनुसंधान कार्यालय के प्रवक्ता एवं पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कार्की के अनुसार गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान 33 वर्षीय वांग वेन्ड और 32 वर्षीय चेन शुआन्गुई के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ चीनी नागरिक विजिट वीजा पर नेपाल आकर वीजा के उद्देश्य के विपरीत संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। इसी सूचना के आधार पर काठमांडू महानगरपालिका-1 स्थित नक्साल नारायणचौर क्षेत्र से दोनों को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने नक्साल नारायणचौर स्थित आरआर बिल्डिंग में ‘एन्ट्रो टेक्नोलोजी’ नामक कार्यालय खोल रखा था। वहां से वे विदेशी मॉडल और युवतियों के नाम पर विभिन्न अकाउंट बनाकर एक लाइव हब एप के माध्यम से विदेशी तथा भारतीय नागरिकों से दोस्ती करते थे, उनसे बातचीत करते थे और बाद में उनसे पैसे मांगने सहित अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलग्न रहते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को नक्साल से गिरफ्तार कर आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए इमिग्रेशन विभाग को सौंप दिया है। उन पर नेपाल के इमिग्रेशन कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों की गतिविधियों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास