नेपाल में जोखिम वाले पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग पर तीन दिन की रोक

 


काठमांडू, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के आव्रजन विभाग ने 28 से 30 अक्टूबर तक जोखिम वाले पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया है।

विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस अवधि में उच्च पहाड़ी और हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी, बर्फीले तूफान और हिमस्खलन का खतरा रहने का पूर्वानुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इन क्षेत्रों में जाने वाले ट्रेकर्स और विदेशी पर्यटकों से सतर्क रहने तथा निर्धारित अवधि में प्रतिबंधित क्षेत्रों में ट्रेकिंग नहीं करने का अनुरोध किया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में जोखिम वाले क्षेत्रों के लिए ट्रेकिंग परमिट भी जारी नहीं किए जाएंगे। परमिट जारी करने की प्रक्रिया आज से ही बंद कर दी गई है। विभाग ने यह भी सूचित किया है कि जो ट्रेकर्स पहले से ही इन क्षेत्रों में ट्रेकिंग के लिए जा चुके हैं, वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास