नेपाल के सुनसरी में हिंसा के बाद सीडीओ से लेकर डीआईजी तक का तबादला
काठमांडू, 27 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के गृह मंत्रालय ने रविवार रात सुनसरी जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा को लेकर वहां के प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) वासुदेव घिमिरे सहित सुरक्षा निकायों के प्रमुखों को वापस बुला लिया है। घिमिरे को गृह मंत्रालय वापस बुलाकर उनकी जगह संखुवासभा के सीडीओ ईश्वरीप्रसाद अर्याल को तैनात किया गया है।
इसी तरह कोशी प्रदेश पुलिस कार्यालय के प्रमुख पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) विनोद घिमिरे को पुलिस मुख्यालय, काठमांडू तबादला किया गया है, जबकि पुलिस मुख्यालय में कार्यरत डीआईजी शेखर खनाल को कोशी प्रदेश पुलिस कार्यालय भेजने का निर्णय लिया गया है।
जिला पुलिस कार्यालय सुनसरी के प्रमुख पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव थेबे को भैरहवा स्थित गौतमबुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात किया गया है। थेबे के स्थान पर उस हवाई अड्डे में कार्यरत एसपी पुष्पराज मल्ल को भेजने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, सशस्त्र पुलिस बल नेपाल कप्तानगंज में कार्यरत पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नंदकिशोर महतो को भी वापस बुला लिया गया है। उनकी जगह सशस्त्र पुलिस बल नेपाल प्रधान कार्यालय, काठमांडू में कार्यरत डीएसपी मदन नाथ को भेजा गया है।
सुनसरी के देवानगंज गांवपालिका-3 कप्तानगंज में रविवार रात दो समूहों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना में 9 नागरिक, 10 नेपाल पुलिस और 5 सशस्त्र पुलिसकर्मी समेत कुल 24 लोग घायल हो गए थे।
घटना की जांच के लिए गृह मंत्रालय के सह-सचिव भूपेंद्र थापा के संयोजकत्व में 5 सदस्यीय समिति का गठन कर दिया गया है। यह समिति एक हफ्ते के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
घटना के बाद आगे कोई अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए जिला प्रशासन कार्यालय सुनसरी ने देवानगंज और हरिनगर गांवपालिका के कुछ क्षेत्रों में आज सुबह 7 बजे से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू का आदेश जारी किया है।
बीती रात को कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिंदू कांवड़िया समूह पर हमला किया था जिसके विरोध में हिंदूू समुदाय ने प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने के कारण एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई और २१ लोग घायल हो गए हैं। जिला प्रशासन ने हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दिया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास