विदेशी बैंकों में उच्च पदस्थ नेपाली नागरिकों की वित्तीय जांच के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने का प्रस्ताव

 




काठमांडू, 20 अगस्त (हि.स.)। नेपाली कांग्रेस के सांसद अर्जुन नरसिंह केसी ने उच्च पदस्थ नेपाली लोगों के विदेशी बैंकों में जमा धन की खोज और जांच के लिए एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने का प्रस्ताव संसद में रखा है। उन्होंने सरकार से विदेशों में मौजूद नेपाली नागरिकों और उच्च पदस्थ लोगों की संपत्ति तथा संभावित अवैध धन की जांच के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

प्रतिनिधि सभा की गुरूवार को हुई बैठक में उन्होंने उच्च पदस्थ लोगों की दुनियाभर में मौजूद संपत्ति और धन की जांच के लिए गठित विशेष टास्क फोर्स का गठन करने का प्रस्ताव रखा है। सांसद केसी ने बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी सत्ता परिवर्तन के बाद बांग्लादेश ने अपने यहां के सभी उच्च पदस्थ अधिकारियों की विदेशों में रहे संपत्ति की जांच के लिए दुनिया के विभिन्न बैंकों को इस संबंध में पत्र भी भेजे थे।

केसी ने कहा कि नेपाल में भी इसी तरह की पहल की जरूरत है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश की भ्रष्टाचार जांच आयोग नेपाल राष्ट्र बैंक के साथ विशेष समन्वय करके देश के बाहर होने वाले भ्रष्टाचार की जांच के लिए एक विशेष आयोग या तंत्र बना सकता है। सांसद केसी ने कहा, ‘‘शायद इसके लिए साहस नहीं जुटेगा, लेकिन मैंने प्रस्ताव जरूर रखा है कि इसकी जांच होनी चाहिए।’’

उन्होंने देश के बाहर होने वाले भ्रष्टाचार पर भी ध्यान देने का आग्रह किया। केसी ने कहा कि इस समय सबसे अधिक भ्रष्टाचार देश के बाहर हो रहा है और लेन-देन तथा पहचान संबंधी सूचनाओं की भूमिका को भी गंभीरता से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अभी कौन-कौन इसमें शामिल है, मैं उस ओर नहीं जाना चाहता, लेकिन सिंगापुर, कंबोडिया, स्विस बैंक से लेकर दुनिया भर में पैसा होने की बातें सामने आ रही हैं।’’

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास