सांसद का कटाक्ष- नेपाली नागरिकों से टैक्स यूरोप जैसा, सुविधाएं सोमालिया जैसी
काठमांडू, 27 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सांसद दीपक कुमार साह ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि सरकार नागरिकों से यूरोप जैसा टैक्स वसूल रही है, लेकिन सुविधाएं सोमालिया जैसी दे रही है।
प्रतिनिधि सभा की बैठक में बुधवार को पूर्व श्रम तथा रोजगार मंत्री रह चुके साह ने कहा कि टैक्स और सुविधाओं के बीच कोई संतुलन नहीं है। साह ने कहा कि जनता की खुशहाली में ही सरकार का हित निहित होता है। उन्होंने सरकार से वार्षिक 5 लाख रुपये तक की आय पर लगाए जा रहे 1 प्रतिशत टैक्स की व्यवस्था में बदलाव करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अभी 5 लाख तक की वार्षिक आय पर 1 प्रतिशत टैक्स लगाने की व्यवस्था है। इसे बढ़ाकर इसी बजट से 10 से 12 लाख रुपये तक किया जाना चाहिए।
सांसद साह ने यह भी कहा कि पिछले पांच वर्षों में महंगाई 38 से 40 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है, जबकि वेतन में केवल 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने सरकार से इसी के अनुरूप अन्य नीतियों और व्यवस्थाओं में संतुलन बनाने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास