चीन दौरे पर जाएंगे नेपाल के 20 सांसद, 15 नवंबर से शुरू होगी 11 दिवसीय यात्रा

 


काठमांडू, 13 नवंबर (हि.स.)। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के 20 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल चीन के दौरे पर जाने वाला है। पार्टी के महासचिव बिपिन कुमार आचार्य के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के निमंत्रण पर चीन जाएगा। नेपाली सांसदों की 11 दिवसीय यह यात्रा रविवार (15 नवंबर) से शुरू होगी।

प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के संयुक्त महासचिव हरि ढकाल, संसदीय दल के उपनेता गणेश पराजुली और मुख्य सचेतक कबीन्द्र बुर्लाकोटी हैं। इनके अलावा सांसद लीमा अधिकारी, समीक्षा बास्कोटा, सागर ढकाल, डॉ. आनंद बहादुर चंद, सुशांत वैदिक, रीमा विश्वकर्मा, डॉ. धनंजय रेग्मी, श्रीराम न्यौपाने, डॉ. राम लामा, गजाला शमीम मिक्रानी, पूनम अग्रवाल, रत्न थापा, डॉ. सुजाता तामांग, पुष्पा कुमारी चौधरी, अरविंद शाह और रमेश सापकोटा भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे। चीन प्रवास के दौरान आरएसपी का प्रतिनिधिमंडल बीजिंग, हांगझोउ और सिचुआन सहित कई चीनी शहरों का दौरा करेगा।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्य एवं पार्टी के विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, नवाचार और स्टार्टअप विभाग के प्रमुख आनंद चंद ने बताया कि वह इस यात्रा के दौरान चीन की नवाचार और तकनीकी प्रगति का अध्ययन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी विशेष रुचि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, डिजिटल तकनीक, नवाचार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में चीन की उपलब्धियों को समझने में है। साथ ही, वह इन क्षेत्रों में चीन की अपनाई गई नीतियों और विकसित संस्थागत व्यवस्थाओं का भी अध्ययन करना चाहते हैं।

प्रतिनिधिमंडल के एक अन्य सदस्य डॉ. धनंजय रेग्मी ने विश्वास जताया कि इस यात्रा से नेपाल और चीन के बीच आपसी समझ और घनिष्ठ संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलेगी। रेग्मी के अनुसार आरएसपी सांसदों का यह दौरा दोनों देशों के बीच ऐसे सहयोग की नींव रख सकता है, जिससे नेपाल को दीर्घकालिक आर्थिक, तकनीकी और विकास संबंधी लाभ मिल सकें। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि इस यात्रा से राजनीतिक संबंध मजबूत होंगे और भविष्य में उच्चस्तरीय यात्राओं के लिए आधार तैयार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास