नेपाल में कतर एयरवेज के क्रू मेंबर के हैंड लगेज से सोना बरामद, गिरफ्तार
काठमांडू, 02 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कतर एयरवेज के चालक दल के एक सदस्य को सोने के साथ पकड़ा गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात ढाई बजे कतर की राजधानी दोहा से आई कतर एयरवेज की उड़ान संख्या क्यूआर 650 के एक क्रू मेंबर के हैंड लगेज से सोना मिलने के बाद उसे सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया गया।
सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, मरियम गजौनी जब हैंड लगेज लेकर त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीमा शुल्क कार्यालय के वॉक-थ्रू गेट से बाहर निकल रही थीं, तभी उनके सामान से सोने की बिस्कुट जैसी आकृति वाली दो पीली वस्तुएं मिलीं। इनका वजन 20-20 ग्राम बताया गया है।
नेपाल सशस्त्र पुलिस बल और त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीमा शुल्क कार्यालय की संयुक्त टीम ने उक्त वस्तुओं को बरामद कर आवश्यक जांच और कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास