नेपाल सरकार ने सार्वजनिक यातायात का किराया 17 से 22 प्रतिशत तक बढ़ाया
काठमांडू, 08 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल सरकार ने सार्वजनिक परिवहन का किराया 17 से 22 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है। इसी तरह विभाग ने माल ढुलाई के किराए में भी बढ़ोतरी की है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं।
पेट्रोलियम पदार्थ की कीमतों भारी वृद्धि के बाद सार्वजनिक यातायात में 16.71 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। तराई क्षेत्र में ढुलाई किराया 15.75 प्रतिशत और पहाड़ी क्षेत्र में 21.68 प्रतिशत बढ़ाया गया है। भौतिक पूर्वाधार तथा परिवहन मंत्री सुनिल लम्साल ने मंगलवार को किराया समायोजन को स्वीकृति देने के बाद बुधवार को विभाग ने यह निर्णय लिया।
नेपाल यातायात व्यवसायी राष्ट्रीय महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरोज सिटौला के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में हुई वृद्धि और अन्य तकनीकी कारणों से भाड़ा में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवसायी लंबे समय से किराया समायोजन की मांग कर रहे थे। नए किराया दर लागू होने के साथ ही आम जनता की दैनिक यात्रा और उपभोग्य वस्तुओं की कीमतों पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
वैज्ञानिक किराया समायोजन कार्यविधि के अनुसार वाहन किराए में पेट्रोलियम पदार्थों का 35 प्रतिशत और बीमा, वाहन, बैंक ब्याज, स्पेयर पार्ट्स, टायर, लुब्रिकेंट सहित 13 मदों में हुई मूल्य वृद्धि का 65 प्रतिशत योगदान निर्धारित किया जाता है। इसमें यह भी उल्लेख है कि ईंधन की कीमत में 5 प्रतिशत की वृद्धि या कमी होने पर किराया दर स्वतः समायोजित हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास