नेपाल में थम नहीं रहा विरोध-प्रदर्शन, सरकार के रवैए से नाराज हिन्दू समाज

 


काठमांडू, 30 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सुनसरी के देवानगंज में हुई घटना से नाराज हिन्दू संगठन के लोगों का देश के अन्य हिस्सों में आज भी प्रदर्शन चल रहा है। अब तक दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के कारण हिन्दू समाज में नेपाल सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

हिन्दू समुदाय के बोलबम कांवरिया पर मुस्लिम समुदाय के हमले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए गुरुवार को मोरंग जिले के विराटनगर में प्रदर्शन किया गया। स्थानीय हनुमान मंदिर परिसर में एकत्र हुए आम लोगों और विभिन्न संघ-संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन कार्यालय मोरंग के सामने विरोध प्रदर्शन किया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और शांति-सुरक्षा की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।

उधर, घटना के बाद पैदा हुई स्थिति को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने देने के लिए मोरंग प्रशासन ने भी तत्परता दिखाई है।

जिला प्रशासन कार्यालय मोरंग सर्वदलीय चर्चा, सद्भाव रैली और शांति एवं सुरक्षा की आगामी रणनीति तय करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, नागरिक समाज, धार्मिक नेटवर्क और सुरक्षा निकायों के प्रतिनिधियों के साथ मोरंग उद्योग व्यापार संघ के सभाहल में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित कर रहा है।

दोपहर में बैठक आयोजित होने से पहले ही लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए जिला प्रशासन कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपने के लिए 300 से अधिक लोगों की सहभागिता में यह प्रदर्शन किया

गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास