नेपाल : समानुपातिक में चयनित सांसदों को गुरुवार को मिलेगा प्रमाणपत्र
काठमांडू, 17 मार्च (हि.स.)। बीते पांच मार्च को सम्पन्न हुए प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन के तहत समानुपातिक प्रणाली से निर्वाचित 110 सांसदों को गुरुवार को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के सहायक प्रवक्ता कुल बहादुर जिसी ने जानकारी दी कि समानुपातिक श्रेणी से चुने गए सांसदों को निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र देने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
आयोग ने सोमवार को 110 समानुपातिक सांसदों की सूची सार्वजनिक की थी। सार्वजनिक विवरण के अनुसार, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के 57, नेपाली कांग्रेस के 20, नेकपा एमाले के 16, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के 9, श्रम संस्कृति पार्टी और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) के 4-4 सांसद निर्वाचित हुए हैं।
जिसी के अनुसार, गुरुवार को सांसदों को प्रमाणपत्र वितरण के बाद उसी दिन प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन के परिणाम सहित समग्र प्रतिवेदन राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को सौंपा जाएगा।
राष्ट्रपति को यह प्रतिवेदन सौंपने के बाद नेपाल के संविधान की धारा 76(1) के अनुसार नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास