नेपाल के कास्की जिले में बाढ़, अन्नपूर्णा मंदिर का आधा हिस्सा और दो पुल बहे

 


काठमांडू, 14 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के कास्की जिले के पर्वतीय सीमा क्षेत्र में गुरुवार देररात मोदीखोला नदी में आई बाढ़ अपने साथ दो पुलों को बहा ले गई। । बाढ़ के पानी के तेज बहाव में अन्नपूर्णा माता मंदिर परिसर का आधा हिस्सा भी बह गया है। यहां रहने वाले एक भारतीय पुजारी और मंदिर में दर्शन करने गए दो श्रद्धालुओं को सकुशल बचा लिया गया है।

बताया गया है कि बाढ़ में बीरेठांटी के पास अन्नपूर्णा गाउंपालिका वार्ड नंबर 5 और 6 को जोड़ने वाले पुल बह गया। अन्नपूर्णा मंदिर के निचले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।

सशस्त्र पुलिस बल के अनुसार, रस्सी के जरिए बचाव कार्य में प्रशिक्षित चार जवानों और सात सदस्यों वाली टीम मंदिर के पास पहुंची। डीएसपी शैलेन्द्र थापा ने बताया कि बचाव अभियान चल रहा है। मंदिर में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास