संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होंगे पीएम बालेंद्र शाह, कैबिनेट ने दी अमेरिका यात्रा की मंजूरी

 


काठमांडू, 10 सितंबर (हि.स.)। नेपाल सरकार ने प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व में नेपाली प्रतिनिधिमंडल को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है। गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री शाह की 22 से 26 सितंबर तक अमेरिका यात्रा को मंजूरी दी गई।

बैठक में नई दिल्ली में होने वाली नेपाल-भारत अंतर-सरकारी उपसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए नेपाली वार्ता टीम गठित करने का भी फैसला लिया गया। कैबिनेट ने बढ़ते अनुचित वित्तीय लेनदेन और कथित ‘लोन शार्किंग’ यानी अवैध तरीके से अत्यधिक ब्याज वसूली की समस्या पर नियंत्रण के लिए विधेयक का मसौदा तैयार करने को सैद्धांतिक मंजूरी भी दी।

सामाजिक सुरक्षा और लक्षित कार्यक्रमों के लाभार्थियों की पहचान के तहत सरकार ने काठमांडू, भक्तपुर, ललितपुर, सप्तरी और दांग जिलों के 27 स्थानीय निकायों के 17,438 गरीब परिवारों की सूची को मंजूरी दी। सरकार ने संवैधानिक और प्रशासनिक निकायों में खाली पदों पर नियुक्तियां भी कीं। भक्तपुर के डॉ. हरि प्रसाद लम्साल को शिक्षक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, मकवानपुर के रामशरण सपकोटा को सदस्य और काठमांडू की विष्णु घिमिरे रिमाल को महिला सदस्य नियुक्त किया गया।

प्रशासनिक स्तर पर दो संयुक्त सचिवों को सचिव पद पर पदोन्नत किया गया। बिनोद बहादुर कुँवर को सचिव पद पर पदोन्नत करने के साथ लुंबिनी प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया। इसी तरह उत्तर कुमार खत्री को सचिव पद पर पदोन्नत कर सुदूरपश्चिम प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास