नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की का विदाई संदेश

 


काठमांडू, 26 मार्च (हि.स.)। नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रमुख सुशीला कार्की ने आज अंतिम बार राष्ट्र के नाम संबोधन करते हुए औपचारिक रूप से विदाई ली है।

राष्ट्र के नाम संबोधन में कार्की ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि 6 महीने के भीतर प्रतिनिधि सभा का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। प्रधानमंत्री कार्की के अनुसार, 05 मार्च को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चुनाव सम्पन्न हुआ।

उन्होंने चुनाव को सफल बनाने में सुरक्षा निकायों, निर्वाचन आयोग, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों, संचारकर्मियों तथा मतदाताओं के महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “छह महीने की अवधि वाली चुनावी सरकार के लिए जेनजी आंदोलन से जुड़े सभी मुद्दों को पूरा करना संभव नहीं था, लेकिन हमने कुछ आधार जरूर तैयार किए हैं।”

राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने कहा, “जटिल अपराध और भ्रष्टाचार की जांच करने वाली संस्थाओं को पूर्ण पेशेवर स्वतंत्रता के साथ काम करने के लिए हमने प्रेरित किया। इसके परिणामस्वरूप लंबे समय से दबे मामलों में कार्रवाई आगे बढ़ाई है।

उन्होंने यह भी बताया कि जेनजी आंदोलन के आधार पर बनी सरकार ने आंदोलनकारियों के साथ समझौता किया था और उस समझौते के शेष कार्यों को नई सरकार प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी, ऐसा उन्हें विश्वास है। उन्होंने कहा कि वह कुछ संतोष और बहुत सारी उम्मीदों के साथ विदा हो रही हैं।

प्रधानमंत्री कार्की कल पद छोड़ेंगी। वहीं, राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के संसदीय दल के नेता बालेन्द्र शाह कल ही प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास