दोनों देशों के बीच एजेंडा तय होने के बाद ही होगा नेपाल पीएम का भारत दौरा : खनाल
काठमांडू, 14 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने स्पष्ट किया है कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के भारत दौरे की तिथियां दोनों देशों के बीच एजेंडा तय होने के बाद निर्धारित की जाएंगी।
मॉरीशस में आयोजित हिन्द महासागर सम्मेलन में शामिल होने के बाद नेपाल पहुंचने पर आज विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से मुलाकात की। उन्होंने मॉरीशस में भारतीय विदेश मंत्री सहित विभिन्न देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात के बारे में उन्हें जानकारी दी। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विदेश मंत्री खनाल ने बताया कि भारतीय प्रधानमंत्री की ओर से निमंत्रण आया है, लेकिन यात्रा की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में भारत के विदेश मंत्री के साथ मेरी बातचीत के दौरान भी इस विषय पर चर्चा हुई है। नेपाल में नई सरकार अपनी प्राथमिकताएं तय कर ले और दोनों देशों के संबंधित मंत्रालयों के बीच तकनीकी तंत्र अपना काम पूरा कर ले, इसके बाद उच्चस्तरीय राजनीतिक दौरा किया जाएगा। खनाल ने बताया कि नेपाल और भारत के बीच 40 से अधिक तंत्र (मेकैनिज्म) हैं, जिनमें से कुछ निष्क्रिय स्थिति में हैं। उन्होंने आगे कहा कि कुछ तंत्रों को सक्रिय करना आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास