नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह ने 15 दिन में ही एक मंत्री को बर्खास्त किया

 


काठमांडू, 09 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने अपने कार्यकाल की शुरुआत के महज पंद्रह दिन के भीतर ही एक मंत्री को पद से हटा दिया है।

दरअसल, श्रम, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा मंत्री दीपक कुमार साह ने अपनी पत्नी जुनु श्रेष्ठ को स्वास्थ्य बीमा बोर्ड का सदस्य पुनः नियुक्त करने का विवादित फैसला लिया था। इसके अलावा उनकी पृष्ठभूमि भी विवादों में रही है।

इसके बाद राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के सभापति रवि लामिछाने ने मंत्री साह पर पद की मर्यादा का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। इस पर प्रधानमंत्री शाह ने उन्हें आज पदमुक्त कर दिया। साह को केवल 13 दिन पहले ही मंत्री बनाया गया था।

इसी मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाने के आरोप में रास्वपा प्रमुख लामिछाने ने स्वास्थ्य तथा जनसंख्या मंत्री निशा मेहता को भी चेतावनी देने की सिफारिश की थी। इस सिफारिश के आधार पर प्रधानमंत्री शाह ने मंत्री मेहता को भी सचेत कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास