नेपाल के पीएम बालेन शाह का जन्माष्टमी पर भावुक संदेश, बाढ़ पीड़ित बच्चों से बोले- जल्द मिलेगा आशियाना

 




काठमांडू, 04 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देश के बाढ़ प्रभावित बच्चों के नाम भावुक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि जहां देशभर में बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में सजकर जन्माष्टमी का उत्सव मना रहे हैं, वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के बच्चे इस बार गहरे दुख और पीड़ा में हैं।

पीएम शाह ने कहा कि कई बच्चे अब भी अपने माता-पिता और परिजनों की तलाश कर रहे होंगे। बाढ़ के कारण कई घर और बस्तियां खंडहर में बदल गई हैं और बच्चों के खेलने के मैदान तक मलबे में दब गए हैं।

उन्होंने बताया कि बाढ़ के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायलों, गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों के साथ बच्चों को भी बचाव अभियान में प्राथमिकता दी गई थी और यह अभियान अभी जारी है। प्रभावित इलाकों में बनाए गए होल्डिंग सेंटरों में रह रहे बच्चों के लिए जल्द सुरक्षित और सुविधाजनक आवास की व्यवस्था करने का आश्वासन भी उन्होंने दिया।

प्रधानमंत्री ने बच्चों से भविष्य की आपदाओं के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए ‘आपदा बैग’ तैयार करने, छोटी-छोटी बचत करने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का अध्ययन एवं चर्चा करने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि नेपाल हिमाली देश है और जलवायु परिवर्तन का बड़ा असर हिमालयी क्षेत्र पर पड़ रहा है। इसलिए बच्चों सहित सभी नागरिकों को आपदा से बचने, उससे लड़ने और दूसरों की जान बचाने के बारे में सीखना जरूरी है।

पीएम शाह के अनुसार, बाढ़ और आपदा के बाद अब तक 13 हजार 95 लोगों का सफलतापूर्वक उद्धार किया जा चुका है। उन्होंने बचाव अभियान में दिन-रात जुटे नेपाली सेना, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल नेपाल और अन्य विशेषज्ञ टीमों का आभार जताया।

उन्होंने विदेशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों, मित्र देशों और विकास साझेदार संस्थाओं की मदद के लिए भी धन्यवाद दिया।

अपने संदेश के अंत में बालेन शाह ने बच्चों से एकजुटता, सद्भाव और भाईचारे के साथ संकट का सामना करने की अपील की। उन्होंने श्रीकृष्ण के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि संघर्ष और विपदा के समय निराश होकर बैठना नहीं चाहिए, बल्कि धैर्य, कर्तव्य और एकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास