भारत दौरे के बाद अब चीन भ्रमण की तैयारी में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, जनवरी में मिल सकता है बीजिंग का न्योता

 




काठमांडू, 29 नवंबर (हि.स.)। भारत की सफल राजकीय यात्रा के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के चीन दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। काठमांडू और बीजिंग के बीच प्रधानमंत्री की आधिकारिक चीन यात्रा को लेकर बातचीत तेज हो गई है। उम्मीद है कि पीएम बालेन्द्र अगले साल फरवरी में चीनी नववर्ष से पहले चीन का दौरा कर सकते हैं। इसके लिए चीन की ओर से जनवरी में औपचारिक निमंत्रण मिलने की संभावना है।

प्रधानमंत्री शाह के मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्रियों और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, बीजिंग प्रधानमंत्री को जल्द से जल्द चीन आमंत्रित करने के लिए तैयार है। चीन का नववर्ष 6 फरवरी को है और नेपाल सरकार की कोशिश है कि प्रधानमंत्री की यात्रा इससे पहले पूरी हो जाए।

दरअसल, प्रधानमंत्री की चीन यात्रा को लेकर बातचीत 22 और 23 नवंबर को उनके भारत दौरे से पहले ही शुरू हो गई थी। चीन लौटने के बाद नेपाल में चीनी राजदूत झांग माओमिंग ने वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, विदेश सचिव अमृत बहादुर राय सहित सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी। इन बैठकों में उन्होंने बीजिंग की ओर से प्रधानमंत्री शाह का जल्द स्वागत करने की इच्छा व्यक्त की थी।

हालांकि, चीनी राजदूत ने यात्रा की कोई निश्चित तारीख या विस्तृत कार्यक्रम साझा नहीं किया, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि चीन चीनी नववर्ष से पहले प्रधानमंत्री की मेजबानी करने के लिए तैयार है।

बालेन सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री भी नई दिल्ली की सफल यात्रा के बाद बीजिंग जाने के इच्छुक हैं। सरकार की ओर से शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और अब चीन की ओर से उपयुक्त तारीख प्रस्तावित किए जाने का इंतजार है।

मंत्री ने कहा कि नेपाल ने चीन से यात्रा के लिए सुविधाजनक तारीख तय कर प्रस्ताव भेजने को कहा है। सरकार को उम्मीद है कि चीन दौरा भी नई दिल्ली यात्रा की तरह सफल रहेगा।

विदेश मंत्रालय ने भी प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं, हालांकि उसे अभी तक सरकार की ओर से औपचारिक निर्देश नहीं मिला है।

एक अन्य मंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री स्थानीय चुनाव की तारीख घोषित होने से पहले चीन यात्रा कर सकते हैं। नेपाल में स्थानीय चुनाव अप्रैल या मई में होने की संभावना है। चुनाव आयोग को तैयारियों के लिए कम से कम 100 दिन का समय देने के उद्देश्य से चुनाव की तारीख पहले घोषित करनी होगी।

इस बीच, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के महासचिव बिपिन आचार्य के नेतृत्व में 20 सदस्यीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल की हालिया चीन यात्रा के दौरान भी चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के नेताओं ने प्रधानमंत्री शाह को चीन आमंत्रित करने की इच्छा जताई थी।

बीजिंग में प्रतिनिधिमंडल ने सीपीसी पोलित ब्यूरो के सदस्य और पार्टी के प्रचार विभाग के प्रमुख ली शुलेई के साथ बातचीत की थी।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल धनंजय रेग्मी के मुताबिक, चीनी नेता प्रधानमंत्री शाह के साथ आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने की चीन यात्रा की भी प्रतीक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि चीन सरकार और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी दोनों स्तरों पर नेपाल के साथ मजबूत संबंध विकसित करना चाहती है। चीनी पक्ष ने प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर अपनी इच्छा महासचिव बिपिन आचार्य के माध्यम से भी व्यक्त की है।

विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी कहा कि मंत्रालय प्रधानमंत्री की संभावित चीन यात्रा को लेकर संबंधित सरकारी निकायों के साथ विचार-विमर्श की प्रक्रिया तेज करने के लिए तैयार है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास