नेपाल में विदेशी पर्यटकों के लिए होगी ‘पासपोर्ट-फ्री ट्रैवल’ व्यवस्था, मोबाइल ऐप में दिखेगा डिजिटल पासपोर्ट

 




काठमांडू, 16 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के आव्रजन विभाग ने ‘पासपोर्ट-फ्री ट्रैवल’ की अवधारणा लागू करने की तैयारी की है। इसके तहत नेपाल घूमने आने वाले विदेशी पर्यटकों को यात्रा के दौरान अपने साथ पासपोर्ट रखने की जरूरत नहीं होगी। पर्यटक अपने मोबाइल में आव्रजन विभाग के ऐप के जरिए पासपोर्ट का डिजिटल विवरण दिखा सकेंगे।

इसके लिए पर्यटकों को ‘डिपार्टमेंट ऑफ इमिग्रेशन’ मोबाइल ऐप में लॉगिन कर अपने पासपोर्ट की जानकारी दर्ज करनी होगी। विभाग के निदेशक टीकाराम ढकाल के मुताबिक, ऐप पर प्रदर्शित पासपोर्ट विवरण को नेपाल के सभी संबंधित निकायों में मान्यता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से पर्यटकों को यात्रा में सुविधा होगी और सरकार के लिए डिजिटल ट्रैकिंग भी आसान हो जाएगी। शुरुआत में नेपाल प्रवेश के समय पर्यटक को आव्रजन कार्यालय में पासपोर्ट दिखाकर मोबाइल ऐप में लॉगिन करना होगा। इसके बाद नेपाल में यात्रा के दौरान पासपोर्ट साथ रखने की आवश्यकता नहीं होगी।

वर्तमान में हिमालय में पर्वतारोहण के दौरान भी पर्यटकों को अपना पासपोर्ट साथ रखना पड़ता है। विभाग का कहना है कि पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था तैयार की गई है। इस व्यवस्था से संबंधित सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर विभाग ने मंजूरी के लिए प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेज दिया है। प्रवक्ता ढकाल ने बताया कि मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास