मनी लॉन्ड्रिंग जांच में नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल गिरफ्तार
काठमांडू, 22 जून (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पिछली सरकार में वित्त मंत्री रहे विष्णु पौडेल को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ आगे की जांच तेज कर दी गई है।
सम्पत्ति शुद्धीकरण विभाग के अनुसार विष्णु पौडेल को उनके शेयर कारोबार और संपत्ति के संदिग्ध स्रोतों की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। पौडेल अपनी पार्टी यूएमएल के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुर्खेत पहुंचे थे। फिलहाल उन्हें जिला पुलिस कार्यालय में रखा गया है।उन्हें हवाई मार्ग या सड़क मार्ग में से उपयुक्त विकल्प के जरिए काठमांडू लाने की तैयारी की जा रही है।
गिरफ्तारी से पहले उनके काठमांडू स्थित निवास पर संपत्ति शुद्धिकरण विभाग ने छापेमारी की। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास