नेपाल की नई सरकार ने ओली को गिरफ्तार कर राजनीतिक बदला लियाः सीपीएन यूएमएल

 


काठमांडू, 28 मार्च (हि.स.)। सीपीएन यूएमएल ने पार्टी अध्यक्ष केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में नेपाल की कमान संभालने वाले युवा नेतृत्व पर सवाल खड़े किए हैं।

पार्टी ने कहा कि नई सरकार ने ओली को गिरफ्तार कर राजनीतिक बदला लिया है। पार्टी ने भविष्य के कदमों के लिए आपातकालीन सचिवालय बैठक आहूत की है। पार्टी सचिव महेश बस्नेत ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हालिया घटनाक्रम देश की राजनीतिक स्थिति को लेकर गंभीर चिंता पैदा करते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में गृहमंत्री सुदन गुरूंग की नियुक्ति की आलोचना की।

सुदन को अनुभवहीन और विवादास्पद बताया। उन्होंने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। ये कदम राजनीतिक प्रतिशोध और पक्षपात को दर्शाते हैं। बस्नेत ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो पुलिस सरकारी संपत्ति और अपने पदों की सुरक्षा करने में विफल रही, वही लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वाले नेताओं को गिरफ्तार करने के लिए बड़ी संख्या में तैनात की गई।”

उल्लेखनीय है कि ओली और लेखक को आठ और नौ सितंबर 2025 की घटनाओं की जांच करने वाले गौरी बहादुर कार्की के नेतृत्व वाले जांच आयोग की सिफारिशों के आधार पर शनिवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया। है। आयोग की जांच रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया है कि आठ सितंबर 2025 को हुए जेन जी विरोध प्रदर्शनों के दौरान तत्कालीन सरकार की लापरवाही और असावधानी के कारण 19 युवाओं की मौत हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास