नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण ने 2.23 लाख से अधिक बेटिंग वेबसाइट और ऐप बंद किए
काठमांडू, 24 जुलाई (हि.स.)। नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण (एनटीए) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी (बेटिंग) और अवैध वित्तीय कारोबार में संलग्न 2,23,568 वेबसाइट और मोबाइल ऐप बंद कर दिए हैं। यह कार्रवाई सरकार की शासकीय सुधार संबंधी 100 कार्यसूची के तहत की गई है।
सरकार ने संचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को निर्देश दिया था कि सट्टेबाजी ऐप और उनसे संबंधित वेबसाइटों को 24 घंटे के भीतर बंद किया जाए। उसी निर्णय के अनुसार नेपाल में संचालित सभी बेटिंग वेबसाइटों पर कार्रवाई शुरू की गई थी।
प्राधिकरण के अनुसार, पहले बंद की गई कई वेबसाइटें नए नामों से दोबारा सक्रिय हो रही थीं। इसी कारण इस वर्ष फीफा विश्व कप शुरू होने के बाद विशेष अभियान चलाकर 2.23 लाख से अधिक नए ऐप और वेबसाइट ब्लॉक किए गए।
प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय ने भी विश्व कप के दौरान बेटिंग ऐप के उपयोग बढ़ने की आशंका जताते हुए इस विषय में विशेष रुचि दिखाई, जिसके बाद एनटीए ने त्वरित कार्रवाई के लिए अलग टास्क फोर्स गठित की।
टास्क फोर्स में शामिल दूरसंचार के सहायक निदेशक एवं इंजीनियर ओमप्रकाश महतो ने बताया कि विश्व कप शुरू होने के बाद इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (आईएसपी) के प्रतिनिधियों को प्राधिकरण में ही तैनात कर संदिग्ध वेबसाइटों के यूआरएल ब्लॉक किए गए।
महतो के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में वेबसाइटों की एक-एक कर पहचान करना कठिन होता है। इसलिए विभिन्न अधिकृत संस्थाओं द्वारा चिन्हित बेटिंग साइटों और अवैध वित्तीय कारोबार वाली वेबसाइटों को आईएसपी के सहयोग से ब्लॉक किया जाता है। उन्होंने कहा कि एक वेबसाइट बंद होने पर दूसरी नई वेबसाइट खुल जाना बड़ी चुनौती है, इसलिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखनी पड़ती है।
प्राधिकरण ने बताया कि नए अवैध प्लेटफॉर्म की पहचान के लिए ‘थ्रेट इंटेलिजेंस टूल’ का उपयोग कर विशेष ‘हंटिंग’ अभियान चलाया जा रहा है और इसके लिए अलग जनशक्ति भी तैनात की गई है।
एनटीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अवैध बेटिंग या वित्तीय वेबसाइट की जानकारी हो तो उसे github.com/NTA-OPM लिंक के माध्यम से अपडेट किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास