सरकार के संवैधानिक परिषद अध्यादेश का नेपाली कांग्रेस संसद में विरोध करेगी

 




काठमांडू, 06 मई (हि.स.)। नेपाल के प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने संवैधानिक परिषद से संबंधित अध्यादेश पर संसद की बैठक में असहमति जताने का निर्णय लिया है।

प्रमुख सचेतक वासना थापा ने बताया कि सिंहदरबार में बुधवार को हुई संसदीय दल की बैठक में सरकार के इस अध्यादेश का विरोध करने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक परिषद से संबंधित अध्यादेश पर हम असहमति दर्ज करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि संसद में असहमति दर्ज कराने के बाद सरकार इस पर कैसे आगे बढ़ती है, उसी के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इसके साथ ही बैठक में सरकार के सार्वजनिक खरीद और सार्वजनिक पदाधिकारियों की पदमुक्ति से जुड़े अध्यादेशों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों पर भी उनकी पार्टी संसद में अपनी राय प्रस्तुत करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास