ब्रॉड पीक अभियान के दौरान हिमस्खलन में नेपाल के प्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल पुर्जा का निधन

 




काठमांडू, 01 अगस्त (हि.स.)। प्रसिद्ध नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुर्जा (निम्स) के पाकिस्तान स्थित ब्रॉड पीक अभियान के दौरान हिमस्खलन में लापता होने के बाद उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। एलीट एक्सपेड ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर जारी बयान के माध्यम से इसकी पुष्टि की है।

निर्मल पुर्जा 10 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण दल का नेतृत्व कर रहे थे। गुरुवार को दल कैंप-2 से कैंप-3 की ओर बढ़ रहा था, तभी हिमस्खलन की चपेट में आ गया। घटना के तुरंत बाद टीम से संपर्क टूट गया था।

अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान के अनुसार अभियान दल में पाँच नेपाली पर्वतारोहियों के अलावा पाकिस्तान, ओमान, अमेरिका और चीन के एक-एक पर्वतारोही तथा एक अन्य अंतरराष्ट्रीय सदस्य शामिल थे।

‘निम्स’ के नाम से विश्वभर में प्रसिद्ध निर्मल पुर्जा अपने रिकॉर्डतोड़ पर्वतारोहण अभियानों और ऊँचाई वाले अभियानों में नेतृत्व के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाने जाते थे। उनका निधन नेपाल के पर्वतारोहण समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास