नेपाल के मधेश और मिथिला में सतुवाइन और जुड शीतल पर्व की धूम

 


काठमांडू, 14 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में नववर्ष के उल्लासपूर्ण माहौल के बीच मधेश और मिथिलांचल में मंगलवार को सतुवाइन और जुड शीतल का पर्व विशेष रूप से मनाया जा रहा है।

लोग परंपरा के अनुसार, कुलदेवता की पूजा कर सतुवा चढ़ा रहे है। चना, गेहूं, मक्का और जौ को मिलाकर बनाया जाने वाला सतुवा इस पर्व का मुख्य आकर्षण है। लोग पूजा के बाद प्रसाद के रूप में इसे प्राप्त करते हैं।

सतुवाइन के अगले दिन बुधवार को जुड शीतल पर्व मनाया जाता है। इस अवसर पर घर के ज्येष्ठ सदस्य छोटे सदस्यों के सिर पर पानी छिड़ककर उन्हें स्वास्थ्य, शांति और दीर्घायु का आशीर्वाद देते हैं।

इस अवसर पर चना-बदाम का सतुवा, दाल, मनुंगा (साग) की सब्जी, बदाम के आटे से बनी बरी तथा दही से तैयार विभिन्न व्यंजन खाने की परंपरा है। साथ ही, खेतों में लगे पेड़-पौधों को पानी देकर सदैव हरियाली और उर्वरता बनाए रखने की कामना भी की जाती है। नेपाल के मधेश और मिथिला संस्कृति की मौलिक पहचान से जुड़ा यह पर्व मधेश क्षेत्र में सभी समुदायों द्वारा आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास