नेपाल में ईसाई धर्म प्रचार के आरोप में 24 दक्षिण कोरियाई नागरिक हिरासत में
काठमांडू, 09 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के मोरंग जिले में पर्यटक वीजा पर आकर कथित रूप से कानून के विपरीत ईसाई धर्म प्रचार में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने 24 दक्षिण कोरियाई नागरिकों को हिरासत में लिया है।
मोरंग जिले के सुंदरहरैंचा नगरपालिका स्थित मालती मार्ग पर संचालित ईसाई शैक्षणिक संस्थान ‘नेपाल न्यू कोवेनेंट कॉलेज’ के धार्मिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शुक्रवार को उन्हें हिरासत में लिया गया। इसके बाद मोरंग पुलिस ने उन्हें आव्रजन विभाग को सौंपने के लिए काठमांडू भेज दिया।
मोरंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कविता कटुवाल के अनुसार, सभी दक्षिण कोरियाई नागरिक 12 दिनों तक पर्यटक वीजा पर रहने के लिए सुंदरहरैंचा पहुंचे थे। जांच में उनके ईसाई निवेश वाले उक्त कॉलेज के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी मिली।
एसपी कटुवाल ने बताया, “उनका 12 अक्टूबर तक मोरंग में रहने का कार्यक्रम था। लेकिन कानून के विपरीत गतिविधियां होने की सूचना मिलने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर शुक्रवार शाम को ही आव्रजन विभाग को सौंपने के लिए काठमांडू भेज दिया गया।”
मोरंग के सहायक मुख्य जिला अधिकारी सरोज कोइराला के अनुसार, नेपाल के कानून के तहत पर्यटक वीजा पर आने वाले विदेशी नागरिक किसी भी प्रकार की धार्मिक शिक्षा, प्रशिक्षण या प्रचार-प्रसार में शामिल नहीं हो सकते। पर्यटक वीजा पर आए विदेशी नागरिकों के धर्म प्रचार में शामिल होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन के निर्देश पर उन्हें हिरासत में लिया गया।
प्रशासन ने दो दिनों तक उनकी गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी थी। निगरानी के दौरान उनके अवैध गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आने का दावा किया गया है।
कोइराला ने बताया, “आव्रजन नियमावली के नियम 20 की उपधारा (2) के तहत पर्यटक वीजा के दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे की उड़ान से उन्हें काठमांडू भेजा गया।”
इससे पहले, पिछले एक महीने के दौरान मोरंग प्रशासन ने पर्यटक वीजा पर नेपाल आकर विराटनगर में व्यापारिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दो चीनी नागरिकों को भी हिरासत में लेकर आव्रजन विभाग को सौंपा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास