नेपाल : कालीगंडकी नदी में भीषण बाढ़, स्यांगजा-गुल्मी को जोड़ने वाला पुल बहा
काठमांडू, 27 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में कालीगंडकी नदी के तेज बहाव में स्यांगजा के मिर्मी और गुल्मी के हर्मिचौर को जोड़ने वाला पुल बह गया। यह पुल मिर्मी डैम साइट से नीचे स्थित था।
नेपाल विद्युत प्राधिकरण के कालीगंडकी ‘ए’ जलविद्युत केंद्र में कार्यरत विष्णुप्रसाद न्यौपाने ने बताया कि कालीगंडकी ‘ए’ जलविद्युत परियोजना के डैम साइट पर पानी का बहाव बढ़ने के बाद पुल बाढ़ की चपेट में आ गया।
गुल्मी के पुलिस प्रमुख एसपी भीम किरण बोगटी ने भी पुल के बहने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह बेली ब्रिज था, जिससे चार पहिया वाहन आवागमन करते थे। रविवार सुबह करीब 6 बजे बाढ़ के तेज बहाव में पुल बह गया। पुल बहने के बाद मिर्मी और हर्मिचौर के बीच यातायात और आवागमन प्रभावित हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास